मुजफ्फरनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा बैंक, एटीएम तथा वित्तीय संस्थानों पर सुरक्षा की दृष्टि से विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में त्यौहारों के उपरान्त जनपद में बैंक, एटीएम तथा वित्तीय संस्थानों पर सुरक्षा की दृष्टि से आज विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। त्यौहारों के पश्चात आमजन द्वारा बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों में लेन-देन बढ़ जाने की संभावना को देखते हुए, संभावित आपराधिक घटनाओं की रोकथाम एवं जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान संचालित किया गया। इस दौरान समस्त क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों व चौकी प्रभारियों द्वारा अपने-अपने सर्किल, थानाक्षेत्र, चौकीक्षेत्र में स्थित समस्त बैंक शाखाओं, एटीएम बूथों व वित्तीय कार्यालयों का भ्रमण कर सुरक्षा उपकरणों जैसे– CCTV कैमरे, अलार्म सिस्टम, इमरजेंसी बटन, सिक्योरिटी लॉक, गार्ड ड्यूटी आदि की गहन जांच-पड़ताल की गई। पुलिस टीम द्वारा बैंक कर्मियों, प्रबंधकों एवं सुरक्षा गार्डों को सतर्क रहने, अज्ञात या संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने तथा किसी भी असामान्य स्थिति में 112 पर सूचित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही बैंक परिसर के आसपास मौजूद अनावश्यक एवं संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग व पूछताछ की गई। पुलिस ने बैंक आने वाले ग्राहकों को भी अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए मोबाइल पर प्राप्त फर्जी लिंक/कॉल के माध्यम से बैंक खाते से संबंधित जानकारी साझा न करने की अपील की।


