लखनऊ। बाराबंकी जिले के सफेदाबाद क्षेत्र स्थित असैनी मोड़ पर अधिवक्ता शोएब किदवई उर्फ बॉबी की हुई हत्या के मामले में पुलिस किसी नतीजे पर पहुंच भी नहीं पाई थी कि अब गोंडा जिले के करनैलगंज थाना क्षेत्र के सुदाई पुरवा गांव निवासी वरिष्ठ अधिवक्ता सुभाष चंद्र मिश्रा की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। बदमाशों ने उन्हें खेत में घेरकर ताबड़तोड़ लाठियां बरसा कर मौत की नींद सुला दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस आनन-फानन में घायल को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
गोंडा जिले के करनैलगंज थाना क्षेत्र स्थित सुदाई पुरवा गांव निवासी हाईकोर्ट के अधिवक्ता सुभाष चंद्र मिश्रा परिवार के साथ रहते थे। बताया जा रहा है कि वरिष्ठ अधिवक्ता सुभाष चंद्र मिश्रा खेत की जुताई करवा रहे थे कि इसी दौरान किसी बात को लेकर लाठी-डंडों और असलहों से लैस हमलावरों ने हमला बोल दिया। अधिवक्ता के ऊपर हमला होता देख उन्हें बचाने के लिए उनके भतीजे दौड़े कि बदमाशों ने उन्हें भी गन प्वाइंट पर ले लिया और पीट-पीटकर अधमरा कर दिया।
जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने अधिवक्ता सुभाष चंद्र मिश्रा को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल भतीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया जा रहा है अदालत से मुकदमा जीतने के बाद नौ बीघा जमीन पर अधिवक्ता सुभाष ट्रैक्टर से खेत की जुताई करवा रहे थे।