मुजफ्फरनगर । स्पिक मैके मुजफ्फरनगर इकाई द्वारा वैदिक पुत्री पाठशाला इंटर कॉलेज में पंडित तरुण भट्टाचार्य के संतूर वादन से श्रोतागण मंत्रमुग्ध हो गए । उन्होंने राग नट भैरव के रंगों की अद्भुत छटा प्रस्तुत की। 
विगत 48 वर्षों से देशव्यापी सांस्कृतिक आंदोलन में संलग्न संस्था स्पिक मैके विभिन्न शिक्षण संस्थाओं में देश के ख्यातिलब्ध कलाकारों के माध्यम से युवा पीढ़ी को अपनी गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराता आ रहा है । इसी कड़ी में वैदिक पुत्री पाठशाला इंटर कॉलेज में विख्यात संतूर वादक भारतरत्न पंडित रविशंकर के शिष्य पंडित तरुण भट्टाचार्य ने अद्भुत प्रस्तुति दी । राग नट भैरव में उन्होंने संक्षेप आलाप से ही राग की आत्मा को उकेर दिया । इसके उपरांत इसी राग में उन्होंने झपताल में निबद्ध दो अद्भुत बंदिशें भी प्रस्तुत की । तबले पर विख्यात तबलावदक पंडित मिथलेश झा ने बेहद खूबसूरत संगत प्रदान कर खूब तालियां बटोरीं । वादन शुरू करने से पूर्व उन्होंने संतूर और तबले के बारे में भी बच्चों को जानकारी दी ।
उत्तरप्रदेश के संस्कृति विभाग व भारतख़ंडे संगीत विश्वविद्यालय से सहयोग से आयोजित संगीत श्रृंखला में स्पिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भी शिरकत की तथा संस्कृति विभाग एवं भारतख़ंडे विश्वविद्यालय के प्रति आभार प्रकट किया । कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती राजेश कुमारी, विद्यालय प्रबंधतंत्र के पदाधिकारियों व स्पिक मैके के कार्यकर्ताओं द्वारा संयुक्तरूप से दीप प्रज्ज्वलन से हुआ । कलाकारों का स्वागत व सम्मान प्रधानाचार्या श्रीमती राजेश कुमारी ने करने के साथ कलाकारों, आगंतुकों, तथा उत्तरप्रदेश के संस्कृति विभाग व भारतख़ंडे विश्वविद्यालय के प्रति आभार भी प्रकट किया । विद्यालय की ओर से कार्यक्रम का संचालन श्रीमती सरस्वती ने किया ।
इस अवसर पर ग्रेन चैंबर विद्यालय के पूर्व प्रधानाचार्य विजय शर्मा, डॉ नीरज, रमा भाटिया विशेषरूप से उपस्थित रहे । स्पिक मैके के डॉ मृदुला मित्तल, नीति मित्तल,भावना संगल, विशु, कीर्ति, शुभम, आर्यन त्यागी का कार्यक्रम की सफलता में विशेष योगदान रहा ।


