मुजफ्फरनगर। विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल द्वारा में श्री राम कॉलेज के सभागार में “युवा संवाद” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष का विषय रहा “नशा मुक्त युवा, विकसित भारत”, जिसके अंतर्गत युवाओं को नशा छोड़कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. एस. सी. कुलश्रेष्ठ, चेयरमैन, श्री राम कॉलेज, मुजफ्फरनगर; जितेंद्र चौधरी, प्रांत सहमंत्री; अनूप, समभाग संगठन मंत्री; नीरज दौनारिया, राष्ट्रीय संयोजक; गौरव भटनागर; डॉ. प्रेरणा मित्तल, प्राचार्या, श्री राम कॉलेज; तथा डॉ. अशोक कुमार, निदेशक, श्री राम कॉलेज द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।
मुख्य अतिथि जितेंद्र चौधरी प्रांत सहमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज का युवा वर्ग भारत के भविष्य की दिशा निर्धारित करता है। यदि युवा नशे की लत से मुक्त होकर समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण के पथ पर आगे बढ़े, तो भारत को “विकसित राष्ट्र” बनने से कोई नहीं रोके सकता, उन्होंने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नष्ट करता है बल्कि समाज और परिवार की संरचना को भी कमजोर बनाता है। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने युवाओं से नशा छोड़ने का संकल्प लेने का आग्रह किया तथा उन्हें खेल, शिक्षा और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर चेयरमैन डॉ. एस. सी. कुलश्रेष्ठ ने विश्व हिंदू परिषद के सभी कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए अपने उद्बोधन में कहा कि “आज युवाओं के सामने सबसे बड़ी चुनौती नशे का फैलता हुआ जाल है। फिल्म ‘उड़ता पंजाब’ ने भी इस समस्या को बखूबी दिखाया कि कैसे नशा एक पूरी पीढ़ी को खोखला कर देता है। हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि भारत की असली ताकत हमारे युवा हैं। यदि वे नशे से मुक्त रहें, तो भारत न केवल आत्मनिर्भर बल्कि विश्व का नेतृत्व करने वाला राष्ट्र बन सकता है। श्री राम कॉलेज सदैव ऐसे अभियानों को समर्थन देता रहा है जो समाज को दिशा देते हैं। युवाओं को नशा त्यागकर समाज सुधार और राष्ट्र सेवा के कार्यों में जुटना चाहिए। उन्होंने कहा कृ“नशा एक क्षणिक सुख है लेकिन उसका प्रभाव पीढ़ियों तक जाता है। नशामुक्त युवा ही विकसित भारत का आधार हैं।”
कार्यक्रम में नीरज दौनारिया, अनूप और गौरव भटनागर ने भी युवाओं को प्रेरित किया कि वे आत्मनिर्भरता, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएँ।
अंत में सभी छात्रों, शिक्षकों एवं सभागार में उपस्थित अतिथियों को “नशा मुक्त भारत” की शपथ दिलाई गई। सभी ने यह संकल्प लिया कि वे स्वयं भी नशा नहीं करेंगे और समाज में इसके विरुद्ध जनजागरूकता फैलाएँगे।
कार्यक्रम का सफल संचालन संयोजक मंडल द्वारा किया गया तथा आभार व्यक्त श्री राम कॉलेज परिवार की ओर से किया गया।


