मुजफ्फरनगर। आरडीएफ (रिफ्यूज डिराइव्ड फ्यूल) से जुड़े ट्रकों को लेकर भाकियू व भाकियू अ के बीच टशन में ट्रांसपोर्टरों और सप्लायरों ने भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मेन्द्र मलिक पर अवैध वसूली, मारपीट और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने किसान यूनियन पर अवैध दबाव बनाकर पैसों की मांग करने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से कार्रवाई की मांग की है।
दूसरे राज्यों से आ रहे आरडीएफ ट्रकों की आवाजाही को लेकर जिले में उस समय हड़कंप मच गया, जब शुक्रवार को बड़ी संख्या में ट्रांसपोर्टर और सप्लायर कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी उमेश मिश्रा को एक प्रार्थना पत्र सौंपा। प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया कि किसान यूनियन अराजनैतिक के नेता धर्मेन्द्र मलिक और उनके समर्थक आरडीएफ से भरे ट्रकों को गैर कानूनी ढंग से रास्ते में रोककर अवैध वसूली कर रहे हैं। इन ट्रांसपोर्टरों का कहना है कि उनसे प्रति ट्रक 10 हजार रुपये प्रतिमाह की मांग की जा रही है। विरोध करने पर चालकों के साथ मारपीट, गाड़ियों में तोड़फोड़ और फर्जी मुकदमों में फंसाने की धमकी दी जाती है। इससे ट्रांसपोर्टरों में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।


