Taja Report

दो नाबालिग ममेरे भाइयों के अपहरण की सूचना से हड़कंप मचा

मुजफ्फरनगर। भोपा रोड स्थित एक पेपर मिल से घर लौट रहे दो नाबालिग ममेरे भाइयों के अपहरण की सूचना से हड़कंप मचा है। लापता होने के आठ दिन बाद भी दोनों युवकों का कोई सुराग नहीं लग सका है। उनकी तलाश की कोशिश नाकाम होने के बाद बुआ ने थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और दोनों की तलाश में टीमें गठित कर दी गई हैं। ये दोनों किशोर अपनी बुआ के पास ही रह रहे थे।

सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मौहल्ला रैदासपुरी निवासी विमलेश पत्नी नाहर सिंह ने नई मंडी कोतवाली में तहरीर देकर पुलिस को बताया कि उनका भतीजा दीपांशु पुत्र किरनपाल निवासी तीरथ कालोनी कस्बा खतौली और उनका भांजा आयुष पुत्र भूरा निवासी गांव लबकरी थाना देवबंद, जिनकी आयु करीब 16 साल है, अचानक ही लापता हो गये हैं। विमलेश द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया कि दीपांशु और आयुष भोपा रोड स्थित अग्रवाल पेपर मिल में नौकरी कर रहे थे और काफी दिनों से उनके पास ही रैदासपुरी स्थित आवास पर रह रहे थे। विमलेश के अनुसार दीपांशु और आयुष 23 दिसम्बर को प्रातः 11.30 बजे पेपर मिल में अपनी ड्यूटी को समाप्त करने के बाद घर के लिए निकले थे, लेकिन घर पर नहीं पहुंचे।

घर नहीं आने के बाद दोनों किशोर भाइयों की आसपास और फैक्ट्री में तलाश की गई तो पता चला कि वो निकल गये थे। परिजनों को इसकी सूचना दी गई और उनके दोस्तों तथा रिश्तेदारियों में भी तलाश की गई, लेकिन उनके सम्बंध में कोई जानकारी या सुराग नहीं मिला। विमलेश ने बताया कि तलाश में थक हारने के बाद ही पुलिस से शिकायत की गई है। आठ दिन से दोनों किशोरों के सम्बंध में कोई भी सूचना नहीं मिलने के कारण परिजन परेशान हैं। पुलिस से कार्रवाई करते हुए उनको सकुशल बरामद करने की मांग की गई है। नई मंडी कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर ब्रजेश शर्मा ने बताया कि महिला की शिकायत पर दोनों किशोर भाइयों के अचानक रहस्मयी ढंग से लापता हो जाने पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम को लगा दिया गया है।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *