मुम्बई। सुलक्षणा पंडित हमारे बीच नहीं रहीं। 71 वर्ष की आयु में उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया है। सुलक्षणा के भाई व म्यूजिक डायरेक्टर ललित पंडित ने उनके निधन की दुखद सूचना की पुष्टि की। सुलक्षणा पंडित मशहूर गायिका होने के साथ-साथ अभिनेत्री भी थीं। उन्होंने कई चर्चित फिल्मों में अपनी अदाकारी से दिल जीता।
सुलक्षणा पंडित ने नानावती अस्पताल में आज गुरुवार 06 नवंबर को आखिरी सांस ली। हालांकि, उनके निधन की वजह अभी सामने नहीं आई है। सुलक्षणा पंडित, 70 और 80 के दशक की मशहूर अभिनेत्री और गायिका थीं। अपनी खूबसूरती और सुरीली आवाज के लिए भी वह इंडस्ट्री में खूब लोकप्रिय रहीं। सुलक्षणा पंडित ने इसी साल जुलाई में अपना 71वां जन्मदिन मनाया। उनका जन्म 12 जुलाई 1954 को छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में एक संगीतमय परिवार में हुआ। संगीत की प्रतिभा उन्हें विरासत में मिली थी।


