अयोध्या । जीएसटी उपायुक्त प्रशांत कुमार सिंह ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के विरोध में और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समर्थन में इस्तीफा देकर खलबली मचा दी है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में वे इतना भावुक नजर आए कि मीडिया को जानकारी देते समय भी फफक पड़े। प्रशांत कुमार ने उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को लिखे रिजाइन लेटर में इस्तीफे की वजह का जिक्र 6 प्वाइंट्स में किया है। प्रशांत कुमार ने अपने इस्तीफे में स्पष्ट रूप से लिखा कि वह सरकार एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समर्थन में और स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के विरोध में अपने पद से त्यागपत्र दे रहे हैं।

- जीएसटी कमिश्नर प्रशांत कुमार सिंह के इस्तीफे के 6 बड़े प्वाइंट्स
पहले बिंदु में प्रशांत कुमार सिंह ने लिखा कि प्रयागराज में यूपी सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ अविमुक्तेश्वरानंद द्वारा की गई टिप्पणी से वह आहत हैं। उनकी टिप्पणी को वह संविधान और लोकतंत्र के विरुद्ध मानते हैं।
दूसरे बिंदु में लिखा, स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ अनर्गल प्रलाप कर रहे हैं। ऐसी स्थिति में वह सरकार के समर्थन में त्यागपत्र दे रहे हैं।
तीसरे बिंदु में लिखा, स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद द्वारा भोले-भाले अधिकारियों को प्रलोभन देकर सरकार के विरुद्ध खड़ा किया जा रहा है, जो कि संविधान और लोकतंत्र के विरुद्ध साजिश है।
चौथे बिंदु में लिखा, स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद द्वारा जातिवाद का जहर घोला जा रहा है और देश-प्रदेश को अस्थिर करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे मैं आहत हूं।
पांचवे बिंदु में लिखा, मैं उत्तर प्रदेश सरकार का वेतनभोगी हूं, ऐसे में मुख्यमंत्री के विरुद्ध अपमानजनक टिप्पणी से आहत हूं।
अंतिम छठे बिंदु में लिखा, महोदया, मैं उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी नियमावली का पालन करने वाला एक निष्ठावान कर्मचारी हूं। सरकार के समर्थन व माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समर्थन में तथा अविमुक्तेश्वरानंद के विरोध में मेरे त्यागपत्र के स्वीकार होने तक मैं नियमानुसार और पूरी निष्ठा से राजस्व के वृद्धि हेतु अपने पद एवं कर्तव्यों का निर्वहन करता रहूंगा।


