मुजफ्फरनगर। गन्ने की अवैध कटौती एवं किसानों के साथ हो रहे खुले अत्याचार के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) द्वारा कार्यालय विधिक माप विज्ञान विभाग, कार्य मानक प्रयोगशाला, A2Z कॉलोनी गेट से लगभग 300 मीटर आगे, जानसठ रोड से संधावली रजवाहा मार्ग, मुजफ्फरनगर पर अनिश्चितकालीन धरना पूरी दृढ़ता के साथ जारी है।
तेज बारिश, ठंड एवं विषम परिस्थितियों के बावजूद किसान धरना स्थल पर डटे हुए हैं, जबकि जिम्मेदार अधिकारी आँखें मूँदकर तमाशबीन बने हुए हैं। किसानों की जायज़ मांगों को लगातार नज़रअंदाज़ किया जा रहा है, जो प्रशासनिक संवेदनहीनता का स्पष्ट प्रमाण है।
भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) स्पष्ट शब्दों में चेतावनी देती है कि जब तक कोई सक्षम एवं उच्चाधिकारी मौके पर पहुँचकर गन्ने की अवैध कटौती पर ठोस कार्यवाही एवं लिखित आश्वासन नहीं देता, तब तक यह संघर्ष और अधिक उग्र रूप लेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
किसानों के सम्मान, अधिकार और हक़ की इस लड़ाई में किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा।


