Taja Report

खाटू श्याम की निशान यात्रा में हजारों श्रद्धालु बाबा श्याम का निशान लेकर पैदल चले मंत्री कपिल देव

मुजफ्फरनगर। शहर में फाल्गुन मास के पावन अवसर पर खाटू श्याम प्रभु की भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्री श्याम परिवार सुखी परिवार की ओर से मनाये जा रहे चार दिवसीय श्री श्याम वंदना फाल्गुन महोत्सव के अंतर्गत आयोजित भव्य निशान यात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे मार्ग में श्रद्धा, उत्साह और उल्लास का वातावरण बना रहा। शिव चौक पर विधिवत पूजन-अर्चन के पश्चात निशान यात्रा प्रारंभ हुई। उत्तर प्रदेश सरकार में व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं नगरपालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता करते हुए श्रद्धालुओं के साथ पैदल यात्रा की और खाटू श्याम का निशान धारण कर उत्साहवर्धन किया।

श्याम भक्ति में सराबोर मुजफ्फरनगर ने गुरुवार को आस्था और उत्साह का विराट दृदृश्य देखा। श्री श्याम परिवार सुखी परिवार समिति के तत्वावधान में आयोजित महोत्सव के अंतर्गत निकली निशान यात्रा ने शहर को भक्तिमय रंग में रंग दिया। ढोल-ताशों की गूंज, डीजे की धुनों और गुलाल की उड़ती रंगत के बीच श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के जयकारों से वातावरण गुंजायमान कर दिया। समिति द्वारा 24 फरवरी से प्रारंभ हुए धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में बुधवार सायं मेहंदी श्याम के नाम की कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें महिलाओं और युवतियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। गुरुवार प्रातः महोत्सव का प्रमुख आकर्षण भव्य निशान यात्रा रही।

यह यात्रा शिव चौक से प्रारंभ होकर झांसी की रानी मार्ग, टाउनला रोड, मालवीय चौक, भोपा रोड ओवरब्रिज, नई मंडी गौशाला रोड, पीठ बाजार और बिंदल बाजार होते हुए गणपति खाटू श्याम मंदिर पहुंची। पूरे मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। महिला एवं पुरुष श्रद्धालु संगीत ध्वनि प्रसारण यंत्र (डीजे) और ढोल-ताशों की थाप पर नाचते-झूमते नजर आए। अनेक भक्तों ने मनोकामना पूर्ति हेतु बाबा श्याम को निशान अर्पित किए।

नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि खाटू श्याम की भक्ति लोगों को एकता, सेवा और सद्भाव का संदेश देती है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और आपसी भाईचारा मजबूत होता है। उन्होंने समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी और यात्रा में शामिल भक्तों का अभिनंदन किया। निशान यात्रा में श्री श्याम परिवार सुखी परिवार समिति के मनीष अग्रवाल, संदीप गर्ग, जय भगवान बंसल, अचिन सागर गर्ग, विदित गुप्ता, अचिन बंसल, राजीव गर्ग, अचिन जिंदल, विकास गोयल, नरेंद्र गर्ग, संजीव गर्ग, हर्षित अग्रवाल, प्रांशु बंसल, दीपांशु गर्ग, अनुराग गोयल, अवि गोयल, लोकेश बंसल, अमित सिंघल, राजेश कर्नवाल, गौरव गर्ग, विवेक बंसल, मनोज खंडेलवाल सहित समिति के सभी एकादशी सदस्य उपस्थित रहे। इसके साथ ही हजारों की संख्या में श्याम भक्तों ने यात्रा में सहभागिता कर आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *