मुंबई । महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने आज गुरुवार को कॉमेडियन और एक्टर कपिल शर्मा को चेतावनी देते हुए कहा कि वे अपने शो में मुंबई को ‘बॉम्बे’ या ‘बंबई’ कहना बंद करें। उन्होंने कहा कि इन नामों से संबोधित करके शहर का अपमान न किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि अगर कपिल ऐसा करना बंद नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ कड़ा एक्शन शुरू होगा। मनसे के नेता अमेय खोपकर ने कपिल शर्मा को चेतावनी दी है। पार्टी की फिल्म शाखा के प्रमुख अमेय खोपकर ने कहा, ‘इस शहर का नाम मुंबई है। कपिल शर्मा के शो में हम लंबे समय से और इस नए सीजन के शुरू होने से पहले भी देखते आ रहे हैं कि इस शहर को हमेशा बॉम्बे या बंबई कहा जाता है। हम इसका विरोध करते हैं। यह कोई आपत्ति नहीं, बल्कि गुस्सा है। इस शहर का नाम मुंबई है। अगर आप चेन्नई, बेंगलुरु और कोलकाता जैसे दूसरे शहरों को उनके असली नामों से बुला सकते हैं, तो हमारे शहर का अपमान क्यों कर रहे हैं’?


