Taja Report

कांग्रेस और सपा की राजनीति झूठ, भ्रम और तुष्टिकरण की उपज है: अरुण सिंह

मुजफ्फरनगर। जनपद के ग्राम कूकड़ा में विकसित भारत – “जी राम जी” जनजागरण अभियान के अंतर्गत आयोजित कृषक-श्रमिक ग्राम चौपाल में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा और आक्रामक हमला बोला। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कांग्रेस और सपा का पूरा राजनीतिक इतिहास जनता को गुमराह करने, झूठ फैलाने और केवल सत्ता के लिए समाज को बांटने का रहा है। इन दलों ने जब-जब शासन किया, तब-तब गांव, किसान और मजदूर को केवल वोट बैंक समझा गया, जबकि भाजपा ने उन्हें विकास का भागीदार बनाया है।

कार्यक्रम से पूर्व नगर विधायक एवं उत्तर प्रदेश सरकार में स्वतंत्र प्रभार मंत्री कपिल देव अग्रवाल तथा भाजपा जिला अध्यक्ष सुधीर सैनी के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने अरुण सिंह का भव्य स्वागत किया। उन्हें ट्रैक्टर-ट्रॉली पर बैठाकर पूरे गांव में भ्रमण कराया गया, जो इस बात का प्रतीक था कि भाजपा की राजनीति अब सत्ता के गलियारों तक सीमित नहीं है, बल्कि गांव की गलियों से निकलकर देश का भविष्य गढ़ रही है।

सभा को संबोधित करते हुए अरुण सिंह ने कहा कि सपा और कांग्रेस आज विकास पर सवाल इसलिए उठा रही हैं क्योंकि उनके पास दिखाने के लिए कुछ भी नहीं है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने वर्षों तक सत्ता में रहकर गांवों को बदहाली, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के हवाले किया, वे आज भाजपा के कामों से घबराकर झूठ का सहारा ले रहे हैं। विकसित भारत – “जी राम जी” योजना उन सभी दलों के मुंह पर करारा तमाचा है, जो यह दावा करते हैं कि भाजपा गरीब और मजदूर के लिए काम नहीं करती।

उन्होंने कहा कि यह योजना गांवों के कायाकल्प की दिशा में ऐतिहासिक पहल है, जिसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में वास्तविक विकास दिखाई देगा। अब गांवों में केवल कागज़ों पर नहीं, बल्कि ज़मीन पर दुकानें, सार्वजनिक भवन, बारात घर, नालियां, स्ट्रीट लाइट और आधारभूत संरचना खड़ी होगी। मजदूरों को पहले से अधिक दिनों का सुनिश्चित रोजगार मिलेगा और किसानों को कृषि से जुड़े कार्यों का सीधा लाभ प्राप्त होगा। पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होने से भ्रष्टाचार, बिचौलियों और फर्जीवाड़े का पूरी तरह अंत होगा और यदि किसी कारणवश भुगतान में देरी होती है तो मजदूर को ब्याज सहित भुगतान मिलेगा, जो भाजपा सरकार की जवाबदेही और संवेदनशीलता को दर्शाता है।

अरुण सिंह ने कहा कि यह योजना किसी पर एहसान नहीं, बल्कि मेहनतकश गरीब, किसान और श्रमिक का अधिकार है। भाजपा की सोच यह है कि देश का विकास तभी संभव है जब गांव मजबूत होंगे और गांव तभी मजबूत होंगे जब वहां का किसान और मजदूर सम्मान के साथ आत्मनिर्भर बनेगा। यही कारण है कि भाजपा काम की राजनीति करती है, जबकि कांग्रेस और सपा केवल झूठ, भ्रम और तुष्टिकरण के सहारे जनता को गुमराह करने का प्रयास करती हैं।

इसके पश्चात मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को धरातल पर उतारने का सबसे मजबूत माध्यम “जी राम जी” योजना है और यह योजना आने वाले समय में ग्रामीण भारत की तस्वीर पूरी तरह बदल देगी। कार्यक्रम के अंत में जिला अध्यक्ष सुधीर सैनी ने कहा कि जनता अब सब समझ चुकी है और वह दोबारा उन ताकतों को मौका नहीं देगी जिन्होंने दशकों तक केवल भाषण दिए और देश को पीछे धकेलने का काम किया।कार्यक्रम का समापन विकसित भारत के संकल्प और “जी राम जी” योजना को हर गांव तक पहुंचाने के दृढ़ निश्चय के साथ किया गया।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सुधीर सैनी, पूर्व सांसद सोहनवीर सिंह, नगर पालिका चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप, जिला उपाध्यक्ष संजय गर्ग, पूर्व विधायक अशोक कंसल, उमेश मालिक, भाजपा नेता गौरव स्वरूप, जितेन्द्र कुछल, मण्डल अध्यक्ष अमित शास्त्री, हरेंद्र पाल, पंकज महेश्वरी, सुधीर आर्य, अशोक मलिक, सभासद प्रशांत गौतम, नवनीत गुप्ता, अनुज वाल्मिकी, ललित कुमार, ब्लाक प्रमुख अमित चौधरी, चेयरमैन शंकर सिंह भोला, सुनील दर्शन, पूर्व चेयरमैन ओम सिंह, विशाल खोकर, पूर्व प्रधान अशोक सहावली, प्रधान देवेन्द्र चौधरी, मोंटी राठी आदि मौजूद रहें।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *