Taja Report

एसआईआर की डेट बढ़ानी चाहिए :राकेश टिकैत

मुजफ्फरनगर भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने कहा कि एसआईआर की डेट बढ़ानी चाहिए। लोगों को अपने पर्याप्त प्रमाण देने चाहिए और वोट एक ही जगह बनवानी चाहिए। टिकैत ने मुर्शिदाबाद में बन रही बाबरी मस्जिद को लेकर दावा किया कि इसे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ही बनवा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस निर्माण में भाजपा का 70 प्रतिशत योगदान है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के बयान पर टिकैत ने कहा कि मसूद ने इसका जवाब दे दिया है और उनके जवाब पर काम किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि बीज विधेयक 2025 पूरी तरह किसान विरोधी है और इससे केवल कंपनियों को लाभ मिलेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस विधेयक के खिलाफ व्यापक आंदोलन चलाया जाएगा।

टिकैत ने बताया कि 17 या 18 दिसंबर को दिल्ली में बीज विधेयक पर आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी। इसके बाद 23 दिसंबर को सिसौली में पंचायत आयोजित कर आगे की रूपरेखा पर चर्चा होगी।

उन्होंने कहा कि किसानों को पहले से ही एनजीटी के नाम पर अधिकारी परेशान कर रहे हैं। खराब बीज पर कोई मुआवजा तय नहीं है और महंगे बीजों की कीमतों को लेकर भी सरकार ने कोई सीमा निर्धारित नहीं की। इस विधेयक के पास होने से राज्य सरकारों के अधिकार भी सीमित हो जाएंगे।

टिकैत ने कहा कि किसानों को बीज विधेयक के प्रभावों के बारे में जागरूक करने के लिए पूरे देश में अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने किसानों से एकजुट होकर इस विधेयक का विरोध करने की अपील की। एसआईआर से जुड़े सवाल पर भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि एसआईआर की डेट बढ़ानी चाहिए। लोगों को अपने पर्याप्त प्रमाण देने चाहिए और वोट एक ही जगह बनवानी चाहिए।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *