Taja Report

एडीजी ने थाना खतौली का आकस्मिक निरीक्षण किया

मुजफ्फरनगर। अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन द्वारा थाना खतौली का आकस्मिक निरीक्षण कर दिये आवश्यक दिशा-निर्देश तथा सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ रखने के उद्देश्य से क्षेत्र में पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च किया।

श्रीमान अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन, मेरठ भानु भास्कर महोदय द्वारा कानून-व्यवस्था की सुदृढ़ता, पुलिस कार्यप्रणाली की गुणवत्ता एवं आमजन को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज दिनांक 13.12.2025 को थाना खतौली का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान महोदय द्वारा थाना परिसर की समस्त व्यवस्थाओं का गहनता से अवलोकन किया गया। निरीक्षण के क्रम में थाना परिसर की साफ-सफाई, मैस, हवालात, बैरक, मालखाना, मिशन शक्ति केन्द्र सहित अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों एवं व्यवस्थाओं को चेक किया गया। हवालात की साफ-सफाई, बंदियों की सुरक्षा एवं उनके मूलभूत अधिकारों के अनुपालन पर विशेष ध्यान देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। मैस एवं बैरक की व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने तथा पुलिसकर्मियों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। महोदय द्वारा थाना परिसर में खड़े लम्बित/जब्त वाहनों की स्थिति का भी निरीक्षण किया गया तथा उनके शीघ्र व विधिसम्मत निस्तारण हेतु संबंधित को स्पष्ट निर्देश दिए गए, जिससे थाना परिसर में अव्यवस्था न रहे और रिकॉर्ड दुरुस्त बना रहे। मिशन शक्ति केन्द्र के निरीक्षण के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, जागरूकता कार्यक्रमों तथा प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर बल दिया गया।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस महानिदेशक महोदय द्वारा अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों के विरुद्ध सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा नियमित रूप से पैदल एवं वाहन पेट्रोलिंग कर आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत किया जाए। गैंगस्टर एक्ट में चिन्हित अपराधियों की अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए सीज करने, साथ ही अवैध शराब तस्करों एवं अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त अभियुक्तों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।

निरीक्षण उपरांत अपर पुलिस महानिदेशक महोदय द्वारा थानाक्षेत्र खतौली में पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च भी किया गया। फ्लैग मार्च का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना तथा असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश देना रहा। इस दौरान स्थानीय नागरिकों से संवाद कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस को सहयोग करने की अपील भी की गई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर मुजफ्फरनगर श्री सत्यनारायण प्रजापत, क्षेत्राधिकारी खतौली श्री रामआशीष यादव, थाना प्रभारी खतौली श्री दिनेश चन्द सहित अन्य पुलिस अधिकारी/कर्मचारीगण मौजूद रहे।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *