Taja Report

अवैध पैथोलॉजी लैब व एक्सरे सील, कई को नोटिस

मुज़फ्फरनगर। जनपद में अवैध रूप से संचालित निजी अस्पतालों, क्लीनिकों एवं पैथोलॉजी लैब के विरुद्ध स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया के निर्देशन में आज डिप्टी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार के नेतृत्व में एक विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित अस्पतालों, क्लीनिकों एवं पैथोलॉजी लैब का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान सदर बाजार क्षेत्र में स्थित श्री पैथोलॉजी लैब का निरीक्षण किया गया, जहां आवश्यक दस्तावेज एवं संबंधित अभिलेख मौके पर उपलब्ध नहीं पाए गए। नियमानुसार आवश्यक कागजात प्रस्तुत न किए जाने तथा मानकों का पालन न होने के कारण उक्त लैब को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।

इसके अतिरिक्त शामली रोड स्थित संचालित आयुष्मान हॉस्पिटल का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कुछ आवश्यक अभिलेख एवं व्यवस्थाओं में कमियां पाए जाने पर संबंधित संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

इसी क्रम में प्रेमपुरी क्षेत्र में स्थित भार्गव क्लीनिक का निरीक्षण किया गया, जहां भी कुछ आवश्यक दस्तावेज एवं मानकों से संबंधित कमियां पाए जाने पर क्लीनिक संचालक को नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया। इसके अलावा मीनाक्षी चौक स्थित पल्स डायग्नोस्टिक सेंटर की एक्स-रे यूनिट का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान एक्स-रे संचालन से संबंधित आवश्यक अनुमति एवं दस्तावेज पूर्ण रूप से उपलब्ध न पाए जाने के कारण एक्स-रे यूनिट को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया तथा संचालक को नोटिस जारी कर आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। इसी क्षेत्र में स्थित अंसारी पैथोलॉजी लैब का भी निरीक्षण किया गया, जहां निरीक्षण के दौरान आवश्यक अभिलेखों में कमियां पाए जाने पर लैब संचालक को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया।

इस अवसर पर डिप्टी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार ने स्पष्ट रूप से कहा कि जनपद में बिना वैध अनुमति या आवश्यक मानकों के विपरीत संचालित होने वाले अस्पतालों, क्लीनिकों एवं पैथोलॉजी लैब के विरुद्ध स्वास्थ्य विभाग द्वारा सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने सभी संचालकों को निर्देशित किया कि वे अपने संस्थानों से संबंधित सभी आवश्यक लाइसेंस, पंजीकरण एवं दस्तावेज पूर्ण रूप से अद्यतन रखें तथा शासन द्वारा निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन करें।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने भी कहा कि जनपद में आम जनता को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अनियमितता या अवैध संचालन पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

ब्लॉक चरथावल के अंतर्गत डॉ एहतेशाम राणा व डॉ राहुल राणा लैब व X ray लैब को कोई भी वैध पंजीकरण व अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जाने के कारण चिकित्सा अधीक्षक डॉ सतेंद्र कुमार व टीम द्वारा सीलिंग की कार्यवाही करते हुए नियमानुसार नोटिस निर्गत किया गया।

Taja Report
Author: Taja Report

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *